बलिया। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवानी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत राना ने राम सिद्ध इंटर कॉलेज सोनवानी के बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा पिलाकर किया। उन्हें कृमि जनित रोगों से बचाव के बारे में जागरूक किया। इस अभियान के तहत क्षेत्र के सभी प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और घर-घर जाकर एक से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को कृमिनाशक दवा दी गई। छुटे हुए बच्चों को 14 अगस्त को माप राउंड के दौरान खिलाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों और अभिभावकों को हाथ धोने की सही विधि, व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व और संतुलित आहार के फायदे के बारे में भी बताया। बीसीपीएम संजय कुमार यादव ने कहा कि कृमि संक्रमण से बच्चों में रक्ताल्पता, कुपोषण और पढ़ाई में कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। समय-समय पर कृमिनाशक दवा लेने से इनसे बचाव संभव है। उन्होंने सभी अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि वे हर बच्चे को यह खुराक जरूर दिलाएं।
कार्यक्रम में डॉ. अजरा जबीं, एआरओ विकास कुमार, बीपीएम राकेश कुमार सिंह, प्रधानाचार्य अशोक कुमार तिवारी, सभी शिक्षक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
