पीलीभीत। रविवार सुबह आसमान से गिरी आफत ने पीलीभीत जिले के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गजरौला थाना क्षेत्र के गांव अमखेड़ा निवासी 32 वर्षीय जितेंद्र यादव की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक की पत्नी और तीन छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के मुताबिक, जितेंद्र यादव पुत्र स्वर्गीय रमेश सिंह यादव थाना बरखेड़ा क्षेत्र के गांव शहपुरा स्थित एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन थे। शनिवार रात ड्यूटी पूरी करने के बाद रविवार सुबह करीब 8 बजे वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास आसमान से अचानक गिरी बिजली उनकी जान ले बैठी।
बिजली गिरने से बेहोश होकर जमीन पर गिरे जितेंद्र को आसपास मौजूद लोगों ने पंप कर्मचारियों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने भी सहयोग किया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया लेकिन कुछ ही देर बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जितेंद्र की मौत की खबर मिलते ही गांव और परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी शशि का रो-रोकर बुरा हाल है। छह साल की बेटी काव्या और दो जुड़वा बेटों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। गांव में हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है और पीड़ित परिवार के दुख में शामिल है।
