लखनऊ: भोपाल नगर निगम की महापौर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल लखनऊ पहुंचा ! कूड़ा निस्तारण मॉडल और नवाचारों की ली जानकारी
August 06, 2025
लखनऊ । स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले लखनऊ नगर निगम की स्वच्छता प्रणाली और कूड़ा निस्तारण मॉडल की अब अन्य नगर निकायों द्वारा भी सराहना की जा रही है। इसी क्रम में भोपाल नगर निगम की महापौर मालती राय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को लखनऊ पहुंचा। इस दौरे का उद्देश्य लखनऊ में स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, ट्रांसफर स्टेशन व्यवस्था और स्मार्ट सिटी मिशन के तहत हो रहे कार्यों को समझना और उसे अपने शहर में लागू करना रहा।लखनऊ आगमन पर महापौर सुषमा खर्कवाल , उपसभापति गिरीश गुप्ता, उप नेता पार्षद दल भाजपा सुशील तिवारी श्पम्मीश् एवं नगर आयुक्त गौरव कुमार ने भोपाल से आए प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल में भोपाल नगर निगम के कार्यकारिणी सदस्य एवं पार्षद आर.के. सिंह बघेल, सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर उदित गर्ग सहित नगर निगम भोपाल के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।दौरे की शुरुआत नगर निगम लखनऊ के ट्रांसफर स्टेशनों से हुई, जहां टीम ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था, ट्रांसपोर्टेशन और शिवरी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में कूड़े के निस्तारण की संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन किया। शिवरी प्लांट में कंपोस्ट निर्माण, री-साइक्लिंग एवं अन्य उपयोगी संसाधनों की प्रक्रिया को भी गहराई से समझा गया।इसके बाद प्रतिनिधिमंडल और लखनऊ नगर निगम के अधिकारियों के बीच स्मार्ट सिटी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस अवसर पर ’भोपाल नगर निगम की महापौर मालती राय ने कहास्वच्छता के क्षेत्र में लखनऊ नगर निगम ने जो अनुकरणीय कार्य किए हैं, वह वास्तव में प्रेरणादायक हैं। कूड़ा निस्तारण की तकनीकी व्यवस्था से लेकर नागरिक भागीदारी और डिजिटल मॉनिटरिंग तक, हर स्तर पर लखनऊ ने जो उत्कृष्टता दिखाई है, वह देश के अन्य नगर निकायों के लिए एक मॉडल है। हमने ट्रांसफर स्टेशन से लेकर शिवरी प्लांट तक की व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा और महसूस किया कि लखनऊ नगर निगम ने योजनाबद्ध और दूरदर्शी सोच के साथ कार्य किया है।उन्होंने आगे कहा, हम अपने अनुभवों को भोपाल में भी लागू करने का प्रयास करेंगे और यहां के कई नवाचारों को अपने शहर में अपनाने की दिशा में काम करेंगे। विशेष रूप से वेंडिंग जोन और स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत किए गए प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। हमें लखनऊ के प्रसिद्ध गोलगप्पों का स्वाद चखने का भी सौभाग्य मिला, जिसने इस तकनीकी यात्रा को एक आत्मीय अनुभव में बदल दिया। महापौर सुषमा खर्कवाल के नेतृत्व और नगर निगम टीम के कार्यों को हम सलाम करते हैं।
