कन्नौजः नवागंतुक डॉक्टर विभांशु को किया सम्मानित
August 06, 2025
छिबरामऊ/कन्नौज। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपनी योगदान आख्या देने वाले नवागंतुक डॉक्टर विभांशु चतुर्वेदी को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने माल्यार्पण के साथ अंग वस्त्र से सम्मानित किया। डॉ विभांशु, नगर के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. गणेश चतुर्वेदी के पुत्र हैं। उन्होंने 2010 में इंटरमीडिएट के बाद 2016 में रामा मेडिकल कॉलेज, कानपुर से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल, नई दिल्ली में दो वर्ष तक इंटर्नशिप की। सितंबर 2017 में उनकी नियुक्ति जिला अस्पताल कन्नौज में ब्लड बैंक प्रभारी के रूप में हुई। 5 अगस्त 2025 को उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छिबरामऊ में अपनी योगदान आख्या प्रस्तुत की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता लालू ने डॉ. विभांशु को माल्यार्पण और अंग वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा, डॉ. विभांशु का समर्पण और चिकित्सा क्षेत्र में योगदान प्रेरणादायक है। हम उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं और आशा करते हैं कि वे समाज की सेवा में निरंतर योगदान देंगे। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष सत्यनारायण वर्मा, प्रभाकर गुप्ता, प्रियांशु गुप्ता, अमित भारतीय, और रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष वीर गोयल उपस्थित रहे।