प्रतापगढः सामाजिक एकता, प्रेम, सुरक्षा व समरसता का संदेश देता है रक्षाबंधन- ओम प्रकाश
August 11, 2025
प्रतापगढ़। वर्तमान समय में हिंदू समाज बिखराव की स्थिति में है, सैकड़ों वर्षों तक विदेशी शासकों से संघर्ष करते रहने के कारण समाज रूपी शरीर अस्पृश्यता, जातिगत भेदभाव, भाषावाद, क्षेत्रवाद जैसी बीमारियों से ग्रस्त है। कई बार ऐसा लगता है कि मानो समाज रूपी शरीर में अपने अंग की पीड़ा को अनुभव करने की संवेदनशीलता नष्ट हो गई है। उक्त बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदर खंड द्वारा आयोजित रक्षाबंधन उत्सव में बतौर वक्ता शामिल विभाग प्रचारक ओमप्रकाश ने स्वयंसेवकों को सम्बोधित करते हुए कहा। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक संघ रक्षाबंधन पर्व के माध्यम से समाज में एकता, प्रेम, सुरक्षा व समरसता का संदेश देता है। सम्पूर्ण समाज संगठित होकर राष्ट्र को परम वैभव के शिखर पर पहुंचाएं जिससे खोई हुई प्रतिष्ठा पुनः प्राप्त हो सके और यह तभी संभव होगा जब हम समाज के उपेक्षित समझे जाने वाले पीड़ित बन्धुओं के साथ आत्मीयता दिखाते हुए उन्हें हृदय से लगाकर रक्षा सूत्र बांधे और उनके सुख-दुरूख में भागीदार बनें। इस मौके पर स्वयंसेवकों ने परम पवित्र भगवा ध्वज को रक्षा सूत्र बांध कर एक-दूसरे को इस मंत्र के साथ राखी बांधा कि “मैं आपकी रक्षा करूंगा, आप मेरी रक्षा करेंगे और हम दोनों मिलकर देश और समाज की रक्षा करेंगे। उक्त अवसर पर जिला संघचालक चिंतामणि,खण्ड संघचालक कृष्णदेव, विद्या भारती के प्रांत अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह,खण्ड कार्यवाह रवि,सह खण्ड कार्यवाह आशीष, शशिकांत, वेद, विपिन, आशीष शुक्ला, प्रवीण योगी,दिनेश आदि स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
