पीलीभीत। स्थानीय इकरा पब्लिक गर्ल्स इंटर कॉलेज में शनिवार को नगर स्तरीय मेहंदी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में नगर के 15 विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हाथों में सुंदर-संस्कारयुक्त मेहंदी डिजाइन सजाकर अपनी रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक चेतना का अनूठा प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रतियोगिता दो वर्गोंकृजूनियर (कक्षा 6 से 8) एवं सीनियर (कक्षा 9 से 12) में आयोजित की गई, जिसमें कुल 125 छात्राओं ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि डॉ. दलजीत कौर ने अपने प्रेरणास्पद संबोधन में कहा, “भारत विविध परंपराओं और सांस्कृतिक आयोजनों का देश है। इस तरह की प्रतियोगिताएं छात्राओं में आत्मविश्वास जगाती हैं और उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ती हैं।” उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए छात्राओं को भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।छात्राओं ने दिखाया रचनात्मक कौशल
प्रतियोगिता में छात्राओं ने पारंपरिक और आधुनिक डिजाइनों का समावेश करते हुए हाथों में ऐसी कलाकृतियाँ रचीं, जिन्हें देखकर निर्णायक मंडल भी दंग रह गया। साज-सज्जा, संतुलन और संकल्पना के आधार पर छात्राओं के कार्यों का मूल्यांकन किया गया।
कार्यक्रम का मूल्यांकन तीन विशेषज्ञ महिलाओं ने कियाकृकुमारी राना (प्रवक्ता, अवंतीबाई इंटर कॉलेज), श्रीमती नाजिया अली (कॉस्ट्यूम डिजाइनर व मेहंदी विशेषज्ञ, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय), और कुमारी मिदहत एजाज (इंटीरियर डिजाइनर, एएमयू)।
सीनियर वर्ग में उमम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मिनाहिल द्वितीय एवं सारिका तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं जूनियर वर्ग में जारा प्रथम, जूबिया द्वितीय तथा अलीशा तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा दोनों वर्गों से 5-5 छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए। सभी पुरस्कार नेशनल स्टेशनर्स, पीलीभीत के सौजन्य से वितरित किए गए।विद्यालय के प्रधानाचार्य अखलाक हसन खान ने मुख्य अतिथि, निर्णायकों तथा सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्राओं के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक बोध को भी प्रबल करती हैं।” उन्होंने छात्राओं को निरंतर ऐसे आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक इकबाल हसन खान, अयाज अहमद खान, सखावत उल्ला खान, मुमताज अहमद, कमाल शम्सी, शबाना, रजनी सक्सेना, मधु सक्सेना, महविश, वसीमुद्दीन खान, नसीम शम्सी, सीमा और नाजिर हुसैन सहित अनेक अभिभावक व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का समापन छात्राओं की खुशी, उत्साह और सम्मान समारोह के साथ हुआ, जिसने आयोजन को यादगार बना दिया।
