उन्नाव: 24 घंटे बीएसएनल सेवाएं रही बाधित
June 25, 2025
उन्नाव। जिले के गंगाघाट थाना अंतर्गत मरहला चैराहे के पास भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की केबल कट जाने के कारण बुधवार को लगभग 24 घंटे तक बीएसएनएल की सेवाएं बाधित रहीं। इससे हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शुरुआत में लोगों ने अपने मोबाइल या सिम में खराबी समझी, लेकिन जब अन्य मोबाइल कंपनियों के नेटवर्क सुचारु रूप से काम करने लगे, तब उन्हें बीएसएनएल सेवा में तकनीकी खराबी का एहसास हुआ।
नेटवर्क ठप होने से न केवल मोबाइल फोन प्रभावित हुए, बल्कि बीएसएनएल के लैंडलाइन फोन भी डेड हो गए। जिन इंटरनेट कैफे में बीएसएनएल का सर्वर उपयोग किया जा रहा था, वे पूरी तरह से ठप हो गए, जिससे छात्रों और व्यावसायिक कार्यों के लिए इंटरनेट का उपयोग करने वालों को विशेष दिक्कतें आईं। परेशान ग्राहकों ने कई बार बीएसएनएल कार्यालय में संपर्क साधा। उन्हें बताया गया कि उन्नाव से ट्रांसमिशन टीम मरम्मत के लिए आएगी। हालांकि, टीम मंगलवार शाम तक मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिससे उपभोक्ताओं की दिक्कतें और बढ़ गईं। उन्हें अपने परिजनों और दोस्तों से फोन पर संपर्क साधने में खासी परेशानी हुई। बुधवार सुबह मरम्मत टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर कार्य शुरू किया। टीम की कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 24 घंटे के लंबे इंतजार के बाद बीएसएनएल की सेवाएं बहाल हो सकीं।
.jpg)