पीलीभीतः राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर छात्र जागरूकता कार्यक्रम
April 24, 2025
पीलीभीत। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस 2025 के अवसर पर समाधान विकास समिति के तत्वावधान में जहानाबाद इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह दिन 73वें संविधान संशोधन की 32वीं वर्षगांठ के रूप में मनाया गया, जिसमें ग्राम शासन प्रणाली को जन भागीदारी से जोड़ने के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के दौरान ‘ग्राम पंचायत’ विषय पर प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साह से भाग लिया। कार्यक्रम ने छात्रों में स्थानीय शासन की समझ को गहराया।
विद्यालय प्रबंधक डॉ. नरेश चंद्र गंगवार ने कहा कि, “पंचायतें लोकतंत्र की जड़ों को मजबूती देती हैं। स्थानीय विकास में उनकी भूमिका निर्णायक होती है।”
प्रधानाचार्य रोहतास कुमार गंगवार ने ग्राम सभा और ग्राम पंचायत के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि ग्राम सभा के सदस्य मतदाता होते हैं, जबकि चुने गए प्रतिनिधि ग्राम पंचायत बनाते हैं। उन्होंने पंचायत में महिला एवं अनुसूचित जाति के आरक्षण की जानकारी भी दी।
समिति के प्रतिनिधि लक्ष्मीकांत शर्मा ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित 17 सतत विकास लक्ष्यों को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार 9 लक्ष्यों में परिवर्तित किया गया है, जिनके माध्यम से पंचायती व्यवस्था को विकास की दिशा में सक्रिय किया जा रहा है।
कार्यक्रम में शिक्षक राजाराम भारती, वीरेंद्र बाबू, सर्वेश कुमार, सरिता गंगवार, सोनमती गंगवार एवं हरिओम बाजपेई ने विद्यार्थियों को पंचायत व्यवस्था और लोकतांत्रिक भागीदारी के महत्व को समझाया।