प्रतापगढः कथा ज्ञान यज्ञ को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा, हुई पुष्पवर्षा
April 15, 2025
लालगंज/प्रतापगढ़। श्रीमदभागवत कथा ज्ञान यज्ञ को लेकर मंगलवार को नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली गयी। सरस्वती विद्या मंदिर रोड से कथाव्यास आचार्य श्रीराघव रामानुजदास की अगुवाई में कलश यात्रा रायबरेली रोड पर श्री हनुमत निकेतन धाम पहुंची। यहां कथा के संयोजक संस्कृत विद्वान पं. शिवकृपाल शुक्ल एवं सावित्री शुक्ला ने पुजारी ब्रजघोष ओझा के वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य श्रीराम दरबार की आरती उतारी। इसके बाद कलश यात्रा इंदिरा चैक होते हुए इण्टर कालेज गेट से कथा स्थली पहुंची। कलश यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर गोविंद राधे का भजन में भावविभोर दिखी। कलश यात्रा पर नगर के श्रद्धालुओं व व्यापारियों ने पुष्पवर्षा भी की। चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी तथा विधायक मोना के मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल एवं पूर्व प्राचार्य डॉ. ज्ञानेन्द्र नाथ त्रिपाठी व इं. सुनील पाण्डेय की अगुवाई मे चैक पर व्यापारियों ने कथाव्यास पं. राघव रामानुजदास जी का माल्यार्पण कर सम्मान किया। कथा के प्रथम दिवस व्यासपीठ से आचार्य श्रीराघवरामानुजदास जी ने बताया कि भगवान की कथा सुनने मात्र से जगत सुमंगल का फलदायी हुआ करता है। उन्होंने कहा कि भागवत भगवान की कथा जीवन के पथ को सदैव संवार कर रखती है। शिक्षक श्रीकृष्ण शुक्ल एवं रामकृष्ण शुक्ल ने व्यासपीठ का पूजन अर्चन किया। शिक्षक देवप्रताप मिश्र एवं रीता मिश्रा ने महाप्रसाद वितरित करते हुए श्रद्धालुओं का टीका अभिषेक किया। इस मौके पर संजय सिंह, राजमती त्रिपाठी, दिव्या, साक्षी, अभिनव मिश्र, राज शुक्ल, अनिल त्रिपाठी, महेन्द्र मिश्र, संजय सिंह, दिनेश सिंह, प्रियांशु त्रिपाठी, सुरेश यादव, मेधा, मनोज त्रिपाठी, बालेन्द्र द्विवेदी, जगन्नाथ प्रसाद मिश्र, बृजेश शुक्ल, गिरजेश शुक्ल आदि रहे।
