बाराबंकीः क्षेत्र पंचायत बैठक सम्पन्न, विकास कार्यों की समीक्षा और गेट का लोकार्पण
April 15, 2025
सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी। सिरौलीगौसपुर विकास खंड परिसर में मंगलवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख रेनू वर्मा ने की, जबकि संयोजन की जिम्मेदारी खंड विकास अधिकारी अदिति श्रीवास्तव ने निभाई। बैठक में विकास कार्यों से संबंधित आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया और विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में स्वास्थ्य, आपूर्ति, बाल विकास, जल जीवन मिशन, शिक्षा, वन, पशु पालन एवं विद्युत विभाग के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को जल्द हल करने का आश्वासन दिया।
एकाउंटेंट अजीजुल्ला ने वित्तीय प्रगति का ब्यौरा देते हुए बताया कि केंद्रीय वित्त से प्राप्त 3.69 लाख रूपये के बजट से 28 विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। इनमें पक्का नाला, नाली, पुलिया, इंटरलॉकिंग और खड़ंजा निर्माण शामिल हैं। 9 कार्य निर्माणाधीन हैं, जिन पर अब तक 2.76 लाख रूपये खर्च किए जा चुके हैं।
पंचम वित्त आयोग से प्राप्त 2.60 लाख रूपये के बजट से 29 में से 21 कार्य पूरे हो चुके हैं। इन कार्यों में साधन सहकारी समितियों की मरम्मत, विकास खंड कार्यालय की मरम्मत और गेट नंबर- एक का सौंदर्यीकरण शामिल हैं, जबकि 8 कार्य प्रगति पर हैं।
बैठक में जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद अहमद शहंशाह ने सुझाव दिया कि आगामी बैठक में तहसील स्तर के सभी अधिकारी उपस्थित रहें ताकि सदन में उठाए गए सवालों के स्पष्ट उत्तर दिए जा सकें।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मनोज सोनी, बदोसराय प्रधान निसार मेहंदी, एमएलसी प्रतिनिधि अमरेंद्र सिंह बब्लू, सांसद प्रतिनिधि अमित त्रिवेदी, ओंन मियां, क्षेत्र पंचायत सदस्य असीम श्रीवास्तव, सुधांशु वर्मा, प्रधान दया शंकर शुक्ला समेत कई जनप्रतिनिधि एवं ग्राम प्रधान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कुलदीप श्रीवास्तव ने किया।
बैठक के उपरांत स्वर्गीय बेनी प्रसाद वर्मा की स्मृति में खंड विकास कार्यालय परिसर में निर्मित नवीन गेट का ब्लॉक प्रमुख रेनू वर्मा द्वारा विधिवत लोकार्पण किया गया।
