कन्नौजः पाकिस्तान को सिखाया जाए कड़ा सबक - मनोज दुबे
April 24, 2025
छिबरामऊ/कन्नौज। पुरानी गल्ला मंडी में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कश्मीर के पहलगाम में हुए हालिया आतंकवादी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की गई।
उद्योग व्यापार मंडल की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य एवं छिबरामऊ नगर पालिका के अध्यक्ष मनोज दुबे ने कहा पहलगाम में हुआ आतंकवादी हमला न केवल मानवता के खिलाफ है, बल्कि भारत की संप्रभुता पर सीधा हमला है। अब समय आ गया है कि पाकिस्तान को उसकी हरकतों का कड़ा सबक सिखाया जाए। भारत सरकार को कठोर कदम उठाकर आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करनी चाहिए। वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष विवेक गुप्ता ने कहा पहलगाम में निर्दाेष पर्यटकों पर हमला आतंकवाद की वह क्रूर सच्चाई है, जिसे हम बार-बार देख रहे हैं। यह सिर्फ एक हमला नहीं, बल्कि हमारे देश की एकता और अखंडता को चुनौती है। हम उद्योग व्यापार मंडल के सभी सदस्य एकजुट होकर इस हमले के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं और सरकार से अपील करते हैं कि पाकिस्तान के खिलाफ कूटनीतिक और सैन्य स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। नगर अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता श्लालूश् ने कहा यह हमला कायरतापूर्ण और अमानवीय है। आतंकवादी संगठनों को प्रायोजित करने में पाकिस्तान की भूमिका किसी से छिपी नहीं है। हम व्यापारी समुदाय इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए सरकार से मांग करते हैं कि वह आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति अपनाए। छिबरामऊ का व्यापारी वर्ग शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करता है और उनके परिवारों के साथ खड़ा है।
इस दौरान सत्यनारायण वर्मा, अमित भारतीय, शिवम दुबे, राजीव कुमार मिश्रा, प्रभाकर गुप्ता, सत्य प्रकाश गुप्ता, उमेश गुप्ता, अबली गुप्ता, सुशील कुमार गुप्ता, सुधीर कुमार गांधी गुप्ता, कल्लू, इलियास, रिंकू, रामदत्त गुप्ता, प्रियांशु गुप्ता एवं सोनू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने मोमबत्ती जलाकर मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।