गोला खीरी। गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र के बांकेगंज में होली से पहले लोगों को पैसों की निकासी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे में स्थित दो एटीएम में से एक भारतीय स्टेट बैंक का एटीएम पिछले तीन महीने से खराब पड़ा है। वहीं इंडियन बैंक का एटीएम रविवार को पूरा दिन बंद रहता है।
स्थिति यह है कि लोगों को नकदी निकालने के लिए 10 किलोमीटर दूर गोला शहर जाना पड़ रहा है। होली के त्योहार के चलते बाजार में भीड़ बढ़ी है और लोगों को खरीदारी के लिए नकदी की जरूरत है। विशेष रूप से वे लोग परेशान हैं जो रोजगार के लिए बाहर गए थे और त्योहार पर घर लौटे हैं।
बांकेगंज में इंडियन बैंक का एटीएम हाल ही में ब्लॉक के सामने स्थापित किया गया है। इसके अलावा क्षेत्र में एसबीआई के तीन और इंडियन बैंक का एक ग्राहक सेवा केंद्र है। स्थानीय लोगों की मांग है कि होली के त्योहार को देखते हुए एटीएम सेवाएं निरंतर चालू रहनी चाहिए। उनका कहना है कि होली की छुट्टियों में भी एटीएम बंद रहने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
