Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: करोड़ों का बस स्टेशन बेकार, फ्लाईओवर के नीचे चल रहा बस अड्डा!

3.49 करोड़ की लागत से बने बस स्टेशन का नहीं हो रहा समुचित उपयोग, सड़क पर बसों के संचालन से रोजाना लग रहा जाम

सोनभद्र। जनपद मुख्यालय पर लगभग 3 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से निर्मित रोडवेज बस स्टेशन का समुचित उपयोग नहीं होने से परिवहन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। एक ओर बस स्टेशन परिसर में कई बसें खराब हालत में खड़ी होने की बात सामने आ रही है, वहीं दूसरी ओर मिर्जापुर डिपो की बसों का संचालन फ्लाईओवर के नीचे से किया जा रहा है। इससे प्रतिदिन सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति इतनी गंभीर है कि कई बार जाम में एंबुलेंस तक फंस चुकी है। ऐसे में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है। करोड़ों रुपये खर्च कर बस स्टेशन का निर्माण आखिर किस उद्देश्य से किया गया था, जब बसों का संचालन सड़क और फ्लाईओवर के नीचे से हो रहा है?

बसों के ठहराव से यातायात व्यवस्था प्रभावित

फ्लाईओवर के नीचे बसों के खड़े होने और उनके आवागमन से सड़क पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। संबंधित स्थान पर पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा भी स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहक और आम नागरिक पहुंचते हैं। बैंक के आसपास पहले से ही भीड़ और वाहनों का दबाव रहता है। ऐसे में बसों के ठहराव से यातायात व्यवस्था और अधिक अव्यवस्थित हो जाती है।

बसों के इंतजार में खड़े यात्रियों को भी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। फ्लाईओवर के नीचे महिलाओं और बच्चियों के बैठने की उचित व्यवस्था नहीं है। पीने के पानी और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाओं का भी अभाव है। इससे यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

व्यापार संगठन ने कई बार उठाया मुद्दा, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन, सोनभद्र के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने इस समस्या को लेकर लगातार आवाज उठाई है। संगठन की ओर से 8 दिसंबर 2025 को सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम सोनभद्र को लिखित शिकायत देकर मिर्जापुर डिपो की बसों को फ्लाईओवर के नीचे से संचालित किए जाने पर आपत्ति जताई गई थी।

इसके बाद 30 दिसंबर 2025, 17 अप्रैल 2026, 23 मई 2026 तथा 2 नवंबर 2026 को भी मुख्य विकास अधिकारी, जिलाधिकारी और मंडलायुक्त, विंध्याचल मंडल सहित संबंधित अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक रूप से समस्या से अवगत कराया गया।

विशेष रूप से 8 दिसंबर 2025 को दिए गए पत्र के क्रम में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, सोनभद्र डिपो द्वारा उसी दिन पत्रांक 1098/स0क्षे0प्र0/सोनभद्र/संचा0/2025 के माध्यम से सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, मिर्जापुर डिपो को भी पत्र भेजा गया था। इसमें मिर्जापुर डिपो की बसों से उत्पन्न समस्याओं का उल्लेख करते हुए उन्हें सोनभद्र डिपो से संचालित कराने के लिए अपने स्तर से निर्देशित करने का अनुरोध किया गया था। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

बस स्टेशन परिसर में खड़ी बसों की स्थिति पर भी सवाल

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सोनभद्र में करोड़ों रुपये की लागत से बस स्टेशन निर्मित है और परिसर में बसों के खड़े होने की व्यवस्था उपलब्ध है, तो मिर्जापुर डिपो की बसों को सड़क और फ्लाईओवर के नीचे से संचालित करने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है?

यदि बस स्टेशन परिसर में खड़ी बसें खराब हैं, तो उनकी स्थिति, मरम्मत और उपयोगिता की जांच क्यों नहीं कराई जा रही है? क्या परिवहन विभाग के अधिकारियों को लगातार लग रहे जाम और नागरिकों की परेशानियों की जानकारी नहीं है? आखिर किसके संरक्षण में यह व्यवस्था संचालित हो रही है?

उच्चस्तरीय जांच और बस स्टेशन से संचालन की मांग

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच होनी चाहिए कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित बस स्टेशन का पूर्ण उपयोग क्यों नहीं हो रहा है, परिसर में खड़ी बसों की वास्तविक स्थिति क्या है और मिर्जापुर डिपो की बसों का संचालन निर्धारित व्यवस्था के विपरीत फ्लाईओवर के नीचे से क्यों किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक धन से निर्मित सुविधाओं का लाभ आम जनता को मिलना चाहिए। सरकारी व्यवस्था की उदासीनता के कारण नागरिकों को रोजाना जाम, असुरक्षा और असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। परिवहन विभाग के उच्चाधिकारियों को तत्काल हस्तक्षेप कर बसों का संचालन बस स्टेशन परिसर से सुनिश्चित कराना चाहिए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और भविष्य में किसी एंबुलेंस अथवा आपातकालीन वाहन को जाम में न फंसना पड़े।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |