मुसाफिरखाना/अमेठी। दीपावली पर्व पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने और आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी शशांक चैधरी के निर्देश पर बुधवार, 4 नवंबर को मुसाफिरखाना और जगदीशपुर क्षेत्र में मिठाई की दुकानों पर छापेमारी कर जांच के लिए पांच नमूने संकलित किए गए। वहीं, करीब एक कुंतल मिठाई मौके पर नष्ट कराई गई। सहायक आयुक्त (खाद्य)- सतीश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके चैहान ने मुसाफिरखाना स्थित श्री खेतेश्वर राजस्थान स्वीट्स से खोया निर्मित मिठाई का नमूना लिया। प्रतिष्ठान में मिली कमियों पर संचालक को सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा मनीष कुमार पुत्र कालूराम की मिठाई की दुकान से कालाजाम और खोया के नमूने संकलित किए गए। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पूजा गुप्ता ने जगदीशपुर स्थित राजस्थानी स्वीट्स से खोया तथा कौशल किशोर सैनी की दुकान से कलाकंद का नमूना लिया। इस प्रकार कुल पांच नमूने एकत्र कर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अभियान के दौरान करीब एक कुंतल मिठाई, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है, नष्ट कराई गई। इसके साथ ही प्रतिष्ठानों को कुल तीन सुधार सूचना नोटिस जारी किए गए। सहायक आयुक्त सतीश कुमार शुक्ला ने बताया कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। मिलावटखोरी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
मुसाफिरखाना और जगदीशपुर में मिठाई की दुकानों पर छापेमारी, पांच नमूने जांच के लिए भेजे गएय तीन प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस
