- एमएलसी सुधीर गुप्ता ने किया भव्य दंगल का शुभारंभ
- हजारों दर्शकों की मौजूदगी में रोमांचक मुकाबलों ने बांधा समां
पीलीभीत। मझोला महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित भव्य पारंपरिक दंगल में देश-विदेश से आए पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती कला का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। नेपाल, हरियाणा और पंजाब से पहुंचे पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले आकर्षण का केंद्र रहे। पहलवानों के शानदार दांव-पेंच और जोरदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
दंगल का विधिवत शुभारंभ विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) सुधीर गुप्ता ने किया। इस दौरान उन्होंने पहलवानों का उत्साह बढ़ाते हुए पारंपरिक कुश्ती को भारतीय संस्कृति और खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। आयोजन में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों और कुश्ती प्रेमियों की मौजूदगी रही।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रांत संपर्क प्रमुख उमेश कुमार, जयशान्त्री देवी मंदिर के महंत राजेश बाजपेयी तथा भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान शाहजहांपुर जिला प्रभारी संजीव प्रताप सिंह मौजूद रहे। अतिथियों ने पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन की सराहना की।दंगल में नेपाल, हरियाणा और पंजाब सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। मुकाबलों के दौरान पहलवानों ने अपनी शारीरिक क्षमता, फुर्ती और कुश्ती के पारंपरिक दांव-पेंच का बेहतरीन प्रदर्शन किया। दर्शक पूरे समय मुकाबलों का आनंद लेते रहे। बाहरी राज्यों और नेपाल के पहलवानों की भागीदारी ने दंगल को विशेष पहचान दिलाई।आयोजक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष निशांत प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों, पहलवानों, दर्शकों और आयोजन में सहयोग करने वाले लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मझोला महोत्सव के माध्यम से नगर की सांस्कृतिक, सामाजिक और खेल संबंधी पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही पारंपरिक खेलों को भी बढ़ावा मिलता है।
