- 635.68 मीटर लंबी बाउंड्रीवाल, गेट, आरओ और वाटर प्यूरिफायर सहित पूरे कराए जाएंगे अधूरे निर्माण कार्य
- ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को गांव में ही मिलेंगी बेहतर खेल सुविधाएं, युवाओं की प्रतिभा को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
पीलीभीत। ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। पूरनपुर विकासखंड के ग्राम सिमरिया ता. महाराजपुर स्थित ग्रामीण स्टेडियम के अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा कराने के लिए उत्तर प्रदेश शासन ने 192.47 लाख रुपये यानी एक करोड़ 92 लाख 47 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। शासन स्तर से 10 नवंबर 2026 को जारी इस स्वीकृति के बाद लंबे समय से अधूरे पड़े स्टेडियम के निर्माण कार्यों को गति मिलने का रास्ता साफ हो गया है।पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप यह धनराशि स्वीकृत हुई है। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से स्टेडियम के शेष निर्माण कार्यों को पूरा कराने के लिए बजट की मंजूरी दी गई है।दरअसल, ग्रामीण युवाओं को खेलकूद के लिए बेहतर मैदान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिमरिया में ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा था, लेकिन विभिन्न निर्माण कार्य अधूरे रहने के कारण खिलाड़ियों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा था। क्षेत्र के युवाओं को लंबे समय से स्टेडियम के पूर्ण होने का इंतजार था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए, जिसके बाद बजट स्वीकृत होने से निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद बढ़ गई है।स्वीकृत धनराशि से स्टेडियम में 635.68 मीटर लंबी बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही गेट, आरओ और वाटर प्यूरिफायर सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्य भी कराए जाएंगे। इन सुविधाओं के विकसित होने से स्टेडियम को खिलाड़ियों के लिए अधिक उपयोगी बनाया जा सकेगा।
स्टेडियम का निर्माण पूरा होने से पूरनपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को खेल अभ्यास के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। ग्रामीण अंचल में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उचित मैदान और संसाधनों के अभाव में अनेक खिलाड़ी अपनी क्षमता के अनुरूप आगे नहीं बढ़ पाते। ऐसे में सिमरिया ग्रामीण स्टेडियम स्थानीय खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र साबित हो सकता है।
केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने स्टेडियम के अधूरे निर्माण कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है। उन्होंने इसे क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रतिभाओं के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। शासन से बजट स्वीकृत होने के बाद अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा होगा और ग्रामीण युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
