पीलीभीतः छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर पुलिस अलर्ट, एएसपी ने हजारा में परखी सुरक्षा व्यवस्था! मेला स्थल पर सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का लिया जायजा, लापरवाही न बरतने के निर्देश
November 10, 2026
पीलीभीत। आगामी छठ पूजा एवं कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मोर्चा संभाल लिया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक हिमांशु गौरव ने क्षेत्राधिकारी पूरनपुर के साथ थाना हजारा क्षेत्र में मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से पड़ताल की। यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं के आवागमन और उनकी सुविधाओं को लेकर की गई तैयारियों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।अपर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मेले में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और पूरे मेला क्षेत्र में पुलिसकर्मी लगातार निगरानी रखें। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था हर हाल में कायम रहे, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए गए।
