कुसी पोखरा पर सरकारी देसी शराब की दुकान के सामने हुई घटना, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कुसी पोखरा स्थित सरकारी देसी शराब की दुकान के सामने सड़क किनारे ठेला लगाकर अंडा, नमकीन और पकौड़ी बेचने वाली महिला ने एक उपनिरीक्षक पर ठेला पलटने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि शराब की दुकान के आसपास कुछ लोग ठेले के पास बैठकर शराब पीते थे। इस दौरान महिलाओं और आम लोगों के साथ अभद्रता किए जाने की शिकायत पुलिस से की गई थी। शिकायत की जांच के लिए छह नवंबर को रॉबर्ट्सगंज कोतवाली के एक उपनिरीक्षक मौके पर पहुंचे थे। महिला का आरोप है कि इसी दौरान दरोगा ने उसका ठेला पलट दिया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। महिला का कहना है कि ठेला पलटने से उसका सामान बिखर गया और रोजगार प्रभावित हुआ है। इससे उसके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
पुलिस ने एक्स पर दी सफाई
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना पक्ष रखते हुए बताया कि छह नवंबर को ग्रामीणों की शिकायत पर उपनिरीक्षक मौके पर जांच के लिए पहुंचे थे। वहां ठेला संचालकों को ठेले कुछ दूरी पर लगाने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस के अनुसार, निर्देश के बावजूद वहां ठेला-खोमचा लगने से अनावश्यक भीड़ एकत्रित होती थी, जिससे कानून एवं शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। पुलिस ने यह भी कहा कि ठेला संचालकों ने महिला को आगे कर वीडियो बनवाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया।
सीओ सिटी को सौंपी गई जांच
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने इसकी जांच क्षेत्राधिकारी नगर को सौंप दी है। सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि शिकायत की जांच के लिए उपनिरीक्षक मौके पर गए थे। वायरल वीडियो के संबंध में जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वही उप निरीक्षक दीना नाथ यादव ने बताया कि शिकायत मिली थी कि महिला रोड पर ही ठेला लगाती है और वही दारू बैठा कर पिलाती है बार बार शिकायत मिलती थी इसी लिए जाकर वहां से ठेला हटवाया गया पलटने की सूचना महिला ने गलत दी हैं।
