मुसाफिरखाना: दीपोत्सव में सजीं आकर्षक झांकियां, भक्तिमय हुआ माहौल
November 13, 2026
मुसाफिरखाना/अमेठी। क्षेत्र के निजामुद्दीनपुर चैराहे पर दीपावली महोत्सव के तहत गणेश-लक्ष्मी प्रतिमा स्थापित कर भव्य आयोजन किया गया। गुरुवार की रात अयोध्या से आए विनायक झांकी ग्रुप के कलाकारों ने आकर्षक धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी चैराहे पर आकर्षक पंडाल सजाकर दीपोत्सव मनाया गया। महोत्सव के अंतर्गत आयोजित विशेष झांकी कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी अभिषेक प्रताप सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर आयोजन समिति की ओर से उन्हें बड़ी माला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। कलाकारो द्वारा गणेश वंदना, गंगा आरती,श्री राम दरबार, राधा कृष्ण, सुदामा चरित्र, काली, दुर्गा सहित तरह तरह की झाकियां प्रस्तुति की गई। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रीय लोग जुटे। धार्मिक झांकियों ने पूरे आयोजन को भक्तिमय बना दिया।
