शाहबाद। कस्बा व थाना शाहबाद के मौ नालापार क्षेत्र में मकान के बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद हिंसक रूप ले बैठा। बंटवारे के लिए समझौते की बात करने बुलाए गए युवक पर उसके अपनों ने ही लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला नालापार निवासी हफीज खाँ पुत्र शमशाद खाँ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका अपने भाई फरीद खाँ से मकान के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि उनके बड़े भाई खुर्शीद खाँ ने फोन कर समझौते की बातचीत के लिए अपने घर बुलाया।
हफीज जब अपने भाइयों अजीम खाँ और वसीम खाँ को साथ लेकर पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद फरीद खाँ, खुर्शीद खाँ और अफरेज खाँ ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते आरोपियों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उनकी जमकर पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद भाइयों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उन्हें बचाया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है । पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
