अमेठी। जिले के चर्चित कन्हैयालाल वर्मा हत्याकांड में थाना अमेठी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल एक बाल अपचारी को नियमानुसार पुलिस निगरानी में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी के डंडे, थूनी, बल्ली का टुकड़ा और ईंट के तीन टुकड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत यह कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी अमेठी श्वेताभ भास्कर के निकट पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी शिवाकान्त त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय शुक्ला उर्फ अतुल (23), अभिषेक शुक्ला उर्फ विपुल (23) पुत्र संजय कुमार शुक्ला तथा महेन्द्र कुमार शुक्ला उर्फ पप्पू (42) पुत्र शिव कुमार शुक्ला निवासी राजू का पुरवा, मजरे नरैनी, थाना अमेठी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने गांव के ही कन्हैयालाल वर्मा से खेत और रास्ते की कब्जेदारी को लेकर लंबे समय से विवाद होने की बात बताई। आरोप है कि इसी रंजिश में 10 नवंबर 2026 को कन्हैयालाल वर्मा पर लाठी, लकड़ी की थूनी और ईंटों से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। हमले में उनके पुत्र संतोष वर्मा भी घायल हुए थे। पुलिस ने आरोपियों के घर से एक बांस का डंडा, एक लकड़ी की थूनी, टूटी हुई बल्ली का टुकड़ा और ईंट के तीन टुकड़े बरामद किए हैं। इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 238/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
खेत और रास्ते की कब्जेदारी को लेकर था विवाद, पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडे, लकड़ी की थूनी और ईंट के टुकड़े किए बरामद
