Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठी: खाद की किल्लत और धान खरीद में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी- डीएम


अमेठी। किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराने, धान खरीद में पारदर्शिता बनाए रखने और पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने को लेकर जिलाधिकारी शशांक चैधरी ने गुरुवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को व्यवस्थाओं में लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी। उर्वरक वितरण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनपद की सभी साधन सहकारी समितियों और उर्वरक वितरण केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध रहे। समितियां नियमित रूप से खुलें और किसानों को उनकी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार समय से उर्वरक दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद वितरण में अनियमितता, कालाबाजारी और किसानों को परेशान करने की शिकायत मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। धान खरीद की समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित धान क्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप और पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित होनी चाहिए। किसानों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण कराया जाए। क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। पराली प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर किसानों को फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन और वैकल्पिक उपायों की जानकारी दी जाए। अधिकारी एवं कर्मचारी गांवों में भ्रमण कर किसानों को पराली न जलाने के लिए प्रेरित करें। पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी निगरानी रखी जाए। डीएम ने कहा कि किसानों से जुड़े कार्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। खाद की उपलब्धता, धान खरीद और पराली प्रबंधन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |