जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने महादेव गाईन को बनाया अभियान का जिला संयोजक, एक माह तक बूथ स्तर पर चलेगा विशेष अभियान
पीलीभीत। भारतीय जनता पार्टी पीलीभीत के तत्वावधान में मतदाता जोड़ो अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया गया। पीलीभीत सदर, बरखेड़ा, बीसलपुर और पूरनपुर विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित इन बैठकों में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, विधानसभा प्रभारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। बैठकों में नई मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने तथा अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की गई।
सभी बैठकों की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण तथा राष्ट्रगान के साथ हुई। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने कहा कि नई मतदाता सूची में जिन पात्र मतदाताओं के नाम शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें सूची से जोड़ने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए जिला महामंत्री महादेव गाईन को जिला संयोजक नियुक्त किया गया है।
पीलीभीत सदर विधानसभा की संगठनात्मक बैठक में मुख्य अतिथि विधानसभा प्रभारी रविन्द्र सिंह राठौर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अभियान के तहत नए मतदाताओं को जोड़ने का कार्य प्राथमिकता से किया जाना है। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक पहुंचकर सघन अभियान चलाना होगा। साथ ही मतदाताओं को जागरूक करते हुए उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करना होगा। बैठक में गन्ना एवं चीनी मिल राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार की भी मौजूदगी रही।
बरखेड़ा विधानसभा की बैठक में प्रभारी महेश योगी ने कहा कि पार्टी का संकल्प है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से अगले एक माह तक मतदाता बनाने का कार्य पूरी सक्रियता के साथ किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने क्षेत्रों में अभियान को गंभीरता से संचालित करने का आह्वान किया।
बीसलपुर विधानसभा की बैठक में प्रभारी राजकुमार बाजपेयी ने कहा कि मतदाता सूची में जहां कहीं भी त्रुटियां या अपूर्णता हैं, उन्हें दूर कराने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। विशेष रूप से युवाओं एवं महिलाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष शिविर आयोजित कर पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने पर जोर दिया गया।
पूरनपुर विधानसभा की बैठक में प्रभारी पवन सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूटने न पाए। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को संकल्पित होकर पूर्ण मनोयोग से अभियान में जुटना होगा। जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित इन बैठकों में स्थानीय स्तर पर शक्ति केंद्रों तक के भाजपा पदाधिकारी, स्थानीय विधायक, ब्लॉक प्रमुख, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के चेयरमैन सहित पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठकों में संगठनात्मक एकजुटता के साथ मतदाता जोड़ो अभियान को सफल बनाने और प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
