अमेठीः धान खरीद शून्य मिलने पर एडीएम न्यायिक नाराज, केंद्र प्रभारी को लगाई फटकार
November 13, 2026
अमेठी। जनपद में धान खरीद व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमृता सिंह ने शुक्रवार को जिला खाद्य विपणन अधिकारी के साथ धान क्रय केंद्र आनापुर और जामो का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान आनापुर केंद्र पर अब तक धान खरीद शून्य मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए केंद्र प्रभारी को तत्काल खरीद शुरू कराने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आनापुर धान क्रय केंद्र पर प्रभारी अर्जुन प्रसाद यादव उपस्थित मिले। केंद्र पर खरीद से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं तो पूर्ण पाई गईं, लेकिन अब तक एक भी किसान से धान खरीद नहीं हुई थी। इस पर एडीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि पिछले वर्षों में केंद्र पर धान बेचने वाले किसानों से तत्काल संपर्क स्थापित किया जाए और उन्हें अपनी उपज क्रय केंद्र पर बेचने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीद में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद एडीएम ने जामो क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। यहां विपणन निरीक्षक एवं केंद्र प्रभारी संतोष कुमार सिंह मौजूद मिले। केंद्र पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। निरीक्षण के समय धान से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तौल के लिए खड़ी थीं। प्रत्येक में लगभग 50-50 कुंतल धान लदा था। किसान मानुकनिका त्रिपाठी के धान की तौल जारी थी, जिसमें करीब 15 कुंतल की तौल पूरी हो चुकी थी। वहीं किसान मनुनारायण त्रिपाठी की ट्रॉली भी तौल के इंतजार में खड़ी मिली।केंद्र प्रभारी ने बताया कि दोनों किसानों के धान की तौल उसी दिन पूरी करा दी जाएगी। एडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को क्रय केंद्रों पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। धान की तौल पारदर्शी तरीके से कराई जाए और किसानों को समय से भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि धान खरीद शासन की प्राथमिकता है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
