शाहबाद । नगर के मोहल्ला नालापार निवासी सैयद आकिब मियां अपने पिता सैयद ताहिर मियां के दसवे के फातिहा में शामिल होकर वापस अपने काम पर दिल्ली जा रहे थे। दिल्ली प्रवेश के दौरान गाजीपुर मंडी के निकट हुए सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जैसे ही आकिब मियां दिल्ली में प्रवेश कर रहे थे, तभी गाजीपुर मंडी के समीप आगे चल रहे बाइक सवार ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर आगे वाली बाइक से टकरा गई। हादसे में सैयद आकिब मियां गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन तुरंत दिल्ली के लिए रवाना हुए और घायल आकिब मियां को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज जारी है। उनके बहनोई मोहसिन मियां एडवोकेट ने बताया कि आकिब मियां की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उन्हें अभी तक होश नहीं आया है।
