मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर जागरूक हुए युवा, 200 प्रतिभागियों ने ली लोकतांत्रिक शपथ
पीलीभीत। युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को पुष्प इंस्टीट्यूट कॉलेज में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत की ओर से आयोजित कार्यक्रम की थीम ‘जानिए अपना वोट, । इसमें करीब 200 युवाओं एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम में युवा आइकन सुमित जैसवार ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से संचालित एसआईआर प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूचियों को शुद्ध, अद्यतन, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। इसके तहत पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के साथ ही मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित और अपात्र व्यक्तियों के नामों की नियमानुसार जांच एवं आवश्यक सुधार किया जाता है।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का सही होना बेहद जरूरी है। प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का समान अधिकार प्राप्त है। एसआईआर के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाता है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने युवाओं से अपने परिवार और आसपास के लोगों को मतदाता सूची में नाम की जांच करने तथा आवश्यक सुधार कराने के लिए जागरूक करने की अपील की।
सुमित जैसवार ने मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक वोट लोकतंत्र की दिशा और देश के भविष्य को निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि जागरूक नागरिक का नैतिक दायित्व भी है।जिला युवा अधिकारी शिवम शर्मा ने मेरा युवा भारत (एमवाई भारत) के उद्देश्यों, गतिविधियों और युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह मंच युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा, नेतृत्व विकास, कौशल विकास और सामुदायिक सहभागिता के अवसर प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं से एमवाई भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराकर विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में युवा मोर्चा के जिला मंत्री अरुण मिश्रा और नगर मंत्री प्रियांशु मिश्रा मौजूद रहे। इसके अलावा पुष्प इंस्टीट्यूट की रजिस्ट्रार रचना भटनागर, प्रोफेसर अलका तोमर और प्रोफेसर अवनींद्र गंगवार की उपस्थिति रही। अतिथियों ने युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक शपथ ली। इसमें लोकतंत्र के मूल्यों का सम्मान करने, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान करने, चुनावी प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने और अन्य नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया गया।
करीब 200 प्रतिभागियों की सहभागिता के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना विकसित करना और उन्हें जिम्मेदार एवं जागरूक मतदाता के रूप में तैयार करना रहा।
