लखनऊ।जोन-3 स्थित महानगर कल्याण मंडप में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं महापौर सुषमा खर्कवाल ने पथ विक्रेताओं (स्ट्रीट वेंडर्स) को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि रेहड़ी-पटरी लगाने वाले छोटे व्यापारी हमारी अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा हैं। इस अवसर पर उन्होंने श्स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26श् में लखनऊ को देशभर में तीसरा स्थान मिलने पर सभी लखनऊवासियों, सफाई मित्रों और नगर निगम की पूरी टीम को बधाई दी।
ज्ञात हो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2020 में शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य छोटे व्यापारियों को बिना किसी गारंटी के आर्थिक सहायता और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है। योजना के तहत पहला ऋण 15,000 रुपये तक, दूसरा 25,000 रुपये तक और तीसरा ऋण 50,000 रुपये तक दिया जाता है। समय पर भुगतान करने पर ब्याज में छूट और डिजिटल लेन-देन पर प्रोत्साहन मिलता है।
महापौर ने जानकारी दी कि अब तक लखनऊ में 1,33,313 को प्रथम ऋण, 51,025 को द्वितीय ऋण, और 9,501 पथ विक्रेताओं को तृतीय ऋण दिया जा चुका है, जबकि 1,02,731 वेंडर्स को डिजिटल लेन-देन से जोड़ा गया है।
महापौर ने लाभार्थियों से अपील की कि वे ऋण की राशि का सही उपयोग अपने व्यवसाय को बढ़ाने में करें, समय पर भुगतान करें और अपने व्यापार में क्यूआर कोड व यूपीआई के जरिए डिजिटल लेन-देन को अपनाएं। इस कार्यक्रम में डूडा के परियोजना अधिकारी प्रदीप कुमार विमल, स्थानीय पार्षदों और गणमान्य लोगों ने भी शिरकत की।
