लखनऊ।राजधानी में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है। एक तरफ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माल के अंतर्गत आने वाले ग्राम खण्डसरा में तीन बच्चों की अचानक मृत्यु की दुखद सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमों ने तत्काल स्थलीय निरीक्षण किया और पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर जिला सर्विलांस अधिकारी, पब्लिक मलेरिया अधिकारी और माल ब्भ्ब् की संयुक्त टीम ने गांव में 56 घरों का सर्वे किया। इस दौरान 164 कंटेनर्स की जांच की गई, जो सभी निगेटिव पाए गए। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में 30 मलेरिया और 30 डेंगू के रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट किए गए, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में एंटी लार्वा रसायन का छिड़काव कराने के साथ ही स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों को आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
दूसरी ओर, सीएमओ लखनऊ के निर्देशों के क्रम में अलीगंज और फैजुल्लागंज क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य अभियान चलाया गया। 27 टीमों द्वारा श्याम विहार, गाजीपुर, फैजुल्लागंज गांव, केशव नगर, इंदिरा नगर, और दाउदनगर समेत कई मोहल्लों में कुल 2,023 घरों का स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया गया। इस दौरान लोगों को चिकित्सीय सलाह, जांच, दवाइयां, क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस पैकेट वितरित किए गए। मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए शिव शक्ति नगर और पुराना दाउदनगर में भी दर्जनों लोगों का इलाज किया गया।
इसके साथ ही, आज जनपद में डेंगू के 05 नए पॉजिटिव मरीज दर्ज किए गए हैं, जिनमें चन्दरनगर से 2, इंदिरा नगर से 2 और ऐशबाग से 1 मरीज शामिल है।
