Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

लखनऊः मोहनलालगंज में चोरों के निशाने पर तीन मंदिर, दानपात्र तोड़कर नकदी पारय चैकी से चंद कदम दूर वारदात


मोहनलालगंज/लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज कस्बे में चोरों ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक ही रात में तीन मंदिरों को निशाना बना लिया। बेखौफ चोरों ने मंदिरों में लगे दानपात्र तोड़कर उनमें रखी नकदी चोरी कर ली। हैरानी की बात यह है कि चोरी की वारदात पुलिस चैकी से महज 50 कदम की दूरी पर हुई, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा और रात्रि गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, बीती रात चोरों ने सबसे पहले कालेबीर बाबा मंदिर, बालाजी मंदिर और संतोषी माता मंदिर को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोरों ने तीनों मंदिरों के सीमेंट से बने रोशनदान तोड़कर भीतर प्रवेश किया। इसके बाद मंदिरों में रखे दानपात्रों को तोड़कर उनमें मौजूद नकदी समेट ली और मौके से फरार हो गए।

सुबह मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। मंदिरों में टूटे रोशनदान और बिखरे सामान को देखकर लोगों में नाराजगी फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी मंदिरों के दानपात्र तोड़कर चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद ऐसी वारदातों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पुलिस चैकी से महज कुछ कदम की दूरी पर मंदिर सुरक्षित नहीं हैं, तो कस्बे के अन्य इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों में भी असुरक्षा का माहौल है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस अधिकारियों से रात्रि गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की पहचान करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इन वारदातों का खुलासा कर चोरों तक कब पहुंचती है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |