Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

मुरादाबाद में सड़क और नाली निर्माण की गुणवत्ता पर नगर आयुक्त की पैनी नजर, जयंतीपुर और पंडित नगला में किया औचक निरीक्षण

सनेश ठाकुर
मुरादाबाद(विधान केसरी)।तस्वीरों में आप जिन्हें देख रहे हैं, वो हैं मुरादाबाद के नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक, जो महानगर में विकास कार्यों को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। बेहतर सड़कें, सुगम आवागमन और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर आयुक्त खुद निर्माण कार्यों की हकीकत परखने मैदान में उतर पड़े हैं। आज नगर आयुक्त ने जयंतीपुर और पंडित नगला सहित महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सड़क और नाली निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखी, बल्कि इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री की भी जांच की।
नाली निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक
दरअसल, नगर निगम के निर्माण विभाग द्वारा महानगर के अलग-अलग वार्डों में सड़क और नाली निर्माण के कार्य कराए जा रहे हैं। इन्हीं विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेने नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान जहां भी निर्माण कार्यों में कमियां नजर आईं, वहां उन्होंने संबंधित ठेकेदारों को तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। वहीं अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल निर्माण कार्य पूरा कराना ही प्राथमिकता न हो, बल्कि उसकी गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाए।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य स्वीकृत एस्टीमेट और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप ही कराए जाएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का इस्तेमाल हो और प्रत्येक स्तर पर नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि सरकारी धन का सही उपयोग हो और जनता को लंबे समय तक टिकाऊ सुविधाओं का लाभ मिल सके।
प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता चैक करते नगर आयुक्त
उन्होंने सड़क निर्माण के दौरान समतल सतह और उचित ढाल बनाए रखने पर विशेष जोर दिया, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। वहीं नाली निर्माण में जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, जिससे बारिश के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं से स्थानीय लोगों को राहत मिल सके। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे कराए जाएं और कमियों को दूर कराने के बाद उनकी गुणवत्ता की दोबारा जांच भी सुनिश्चित की जाए।
अधीनस्थों से ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर जानकारी लेते नगर आयुक्त 
कुल मिलाकर नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक का यह निरीक्षण साफ तौर पर बताता है कि नगर निगम अब विकास कार्यों की केवल कागजी प्रगति तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि मौके पर पहुंचकर निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दे रहा है। अब देखना होगा कि अधिकारियों को दिए गए इन निर्देशों का धरातल पर कितना असर दिखाई देता है और जयंतीपुर व पंडित नगला के निवासियों को बेहतर सड़क और जलनिकासी की सुविधाएं कब तक मिल पाती हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |