सैकड़ों समर्थकों के साथ प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा, प्रदेश नेतृत्व पर आर्थिक शोषण और मानसिक उत्पीड़न का लगाया आरोप
सोनभद्र। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) में युवा जिलाध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद संगठन के भीतर विरोध तेज हो गया है। पूर्व युवा जिलाध्यक्ष प्रशांत सिंह ने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने युवा प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र पटेल सहित प्रदेश नेतृत्व पर आर्थिक शोषण, मानसिक उत्पीड़न और सवर्ण विरोधी मानसिकता के तहत कार्य करने का आरोप लगाया है। उनके इस्तीफे से जिले में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को झटका लगने की चर्चा है।
मीडिया से बातचीत में प्रशांत सिंह ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सोनभद्र के आदिवासी बाहुल्य एवं दुर्गम क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार मेहनत की। गांव-गांव जाकर सदस्यता अभियान चलाया और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की नीतियों एवं विचारधारा को पहुंचाने का प्रयास किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिलाध्यक्ष पद पर बने रहने के लिए उनसे लगातार आर्थिक दबाव बनाया जाता था। प्रदेश नेतृत्व की कार्यशैली के कारण उन्हें मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। प्रशांत सिंह ने युवा प्रदेश अध्यक्ष पर सवर्ण विरोधी मानसिकता के तहत कार्य करने का आरोप लगाते हुए कहा कि संगठन के भीतर उनके खिलाफ कथित तौर पर दुष्प्रचार भी कराया जा रहा था।
प्रशांत सिंह ने कहा कि इन परिस्थितियों से आहत होकर उन्होंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया। उनके साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के इस्तीफे से रालोद के जिला संगठन में हलचल मच गई है।
इस दौरान नीरज सेठ, अनुज दुबे, संतोष यादव, चंदन सिंह, आकाश मौर्या, हर्षित सिंह, अंकुश मौर्या, अनुज शुक्ला, अजय और प्रिंस शुक्ला समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
