- बिना फिटनेस के स्कूली वाहनों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित करें
- अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण के खिलाफ हो प्रभावी कार्रवाई
कन्नौज । जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि विगत माह की अपेक्षा इस माह जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में कमी दर्ज की गई है, जो सकारात्मक संकेत है। हालांकि, दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर में और सुधार लाने की आवश्यकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी एवं परिणामपरक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि ई-रिक्शा वाहनों का उपयोग केवल सवारी ढोने के लिए किया जाए, उन्हें मालवाहक वाहन के रूप में कतई प्रयोग न किया जाए। नियमों का उल्लंघन कर ई-रिक्शा से माल ढुलाई करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही अवैध वाहन पार्किंग एवं सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध भी अभियान चलाकर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाया जाए।
जिलाधिकारी ने स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया कि बिना फिटनेस प्रमाण-पत्र के किसी भी स्कूली वाहन का संचालन पूर्णतः बंद कराया जाए। बच्चों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि जनपद के सभी परिवहन यूनियन के पदाधिकारियों एवं वाहन चालकों के साथ व्यापक स्तर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात नियमों का अनुपालन करने तथा सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया जाए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली जनहानि को रोका जा सके।
उन्होंने रोडवेज बस चालकों की नियमित काउंसलिंग कराने पर भी विशेष बल दिया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कन्नौज-तिर्वा मार्ग की खराब स्थिति एवं जगह-जगह गड्ढे होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सड़क को गड्ढामुक्त कराने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) देवेन्द्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
