Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

लखनऊः जनगणना अभियान! महापौर ने पूरी की स्व-गणना, शहरवासियों से की बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील


लखनऊ। महापौर सुषमा खर्कवाल ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय में स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर राष्ट्रीय जनगणना अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। इस अवसर पर उन्होंने शहर और प्रदेश के सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान राजस्व निरीक्षक संजय सिंह, जनगणना चार्ज अधिकारी एवं जोन-1 के जोनल अधिकारी ओपी सिंह, प्रगणक अंकित राय और प्रभात सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे।

महापौर ने जानकारी दी कि जनगणना के तहत नागरिकों की सुविधा के लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन स्व-गणना का विकल्प खुला है। इसके उपरांत 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना कार्य को पूरा करेंगे। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे परिवार के प्रत्येक सदस्य का सही और पूरा विवरण दर्ज करें तथा घर आने वाले प्रगणकों को पूरा सहयोग दें, ताकि कोई भी नागरिक इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।

जनगणना के महत्व को रेखांकित करते हुए महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े ही देश और प्रदेश की विकास योजनाओं, संसाधनों के न्यायसंगत वितरण और जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण का मुख्य आधार बनते हैं। उन्होंने कहा कि सटीक जानकारी देना हर नागरिक का कर्तव्य है और सभी की भागीदारी से ही विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत का संकल्प साकार होगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |