संग्रामपुर: स्वच्छता व्यवस्था पर उठे सवाल! कालिकन धाम के पवित्र सगरे में पहुंच रहा गंदा पानी
November 16, 2026
संग्रामपुर/अमेठी। धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार जागरूकता बढ़ाई जा रही है, लेकिन संग्रामपुर क्षेत्र के प्रसिद्ध कालिकन धाम मंदिर परिसर में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से गंभीर समस्या सामने आई है। मंदिर की सफाई के बाद निकलने वाला गंदा पानी और कचरा बहकर पवित्र सगरे की ओर जा रहा है। इससे सगरे के पानी की स्वच्छता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को मंदिर परिसर की सफाई के बाद एकत्रित गंदे पानी को सगरे की दिशा में बहा दिया गया। देखते ही देखते सफाई का पानी पवित्र सगरे में पहुंचता दिखाई दिया। इस स्थिति को देखकर मंदिर में दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं ने चिंता जताई और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग उठाई। बाहर से आए एक दर्शनार्थी ने कहा कि मंदिर परिसर से निकलने वाले गंदे पानी के लिए उचित निकासी व्यवस्था होनी चाहिए। इसके लिए परिसर में छोटा सोख्ता बनवाया जा सकता है, जिससे पानी जमीन में समा सके। साथ ही आवश्यकतानुसार नाली का निर्माण कर पानी को सगरे से दूर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की जानी चाहिए। गौरतलब है कि कालिकन धाम आने वाले श्रद्धालु सगरे को पवित्र मानते हैं। कई लोग यहां स्नान करते हैं और कुछ श्रद्धालु इसका पानी भी पीते हैं। ऐसे में मंदिर की सफाई का गंदा पानी सगरे में पहुंचना स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिहाज से चिंता का विषय है। स्थानीय लोगों और दर्शनार्थियों का कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस पवित्र जलस्रोत को प्रदूषण से बचाने के लिए जिम्मेदार लोगों को तत्काल ध्यान देना चाहिए। मंदिर परिसर में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराकर सगरे की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है।
