संग्रामपुर: दो केन्द्र पर नहीं हुआ टीकाकरण
November 04, 2026
संग्रामपुर/अमेठी। विकासखंड संग्रामपुर में बुधवार को नियमित एवं निशुल्क टीकाकरण अभियान प्रभावित रहा। क्षेत्र के 14 निर्धारित टीकाकरण केंद्रों में से दो केंद्रों पर एएनएम के आकस्मिक अवकाश पर रहने के कारण टीकाकरण कार्यक्रम नहीं हो सका। इससे इन केंद्रों पर पहुंचे लाभार्थियों को बिना टीका लगवाए लौटना पड़ा। जानकारी के अनुसार, संग्रामपुर क्षेत्र के उपकेंद्र गोरखापुर और मिश्रौली में तैनात एएनएम के आकस्मिक अवकाश पर रहने के चलते बुधवार को टीकाकरण सत्र आयोजित नहीं किया गया। वहीं शेष 12 केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से नियमित टीकाकरण कार्यक्रम संचालित किया गया। इन केंद्रों पर बच्चों और पात्र लाभार्थियों को टीबी, हेपेटाइटिस-बी, पोलियो, काली खांसी, डिप्थीरिया, टिटनेस, खसरा-रूबेला और निमोनिया जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के टीके लगाए गए। क्षेत्र में टीकाकरण अभियान के तहत भवसिंहपुर, संग्रामपुर, पुन्नपुर, नेवादा कनू, बड़गांव, कंसापुर, उत्तरगांव, ठेंगहा, सहजीपुर, धोएं, धौरहरा और अम्मरपुर में टीकाकरण कार्य संपन्न हुआ। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्येक बुधवार को निर्धारित स्थानों पर नियमित टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाते हैं, ताकि बच्चों और अन्य पात्र लाभार्थियों को समय से निशुल्क टीके उपलब्ध कराए जा सकें। हालांकि, दो केंद्रों पर टीकाकरण नहीं होने से स्वास्थ्य सेवाओं की नियमितता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि इन केंद्रों पर छूटे हुए लाभार्थियों के टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग कब विशेष व्यवस्था करता है।
