उत्तराखड । आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए जिलाधिकारीध्जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। साथ ही मतदाता सूची में दर्ज नाम एवं अन्य विवरणों में किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय से ठीक कराया जाए।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 01 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर 12 नवंबर 2026 को आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जा चुका है। दिनांक 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। जिनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा तथा दिनांक 04 जनवरी 2027 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में एक सप्ताह का विशेष अभियान 19 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक चलाने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करने के साथ मतदाता के नाम, संबंधी का नाम, आयु, लिंग और फोटो सहित सभी विवरणों की जांच करे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सत्यापन के दौरान यह भी देखा जाए कि किसी मतदाता का नाम एक से अधिक बार तो दर्ज नहीं है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर प्रारूप-8 के माध्यम से संशोधन कराया जाए। एक से अधिक बार दर्ज नामों को हटाने के लिए प्रारूप-7 तथा किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल न होने की स्थिति में प्रारूप-6 के माध्यम से नाम दर्ज कराने की कार्यवाही की जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी करने और निर्वाचन संबंधी कार्यों को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा सहित अन्य संबंधित अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े रहे।
