अमेठीः नियमित पोषण एवं उपचार के प्रति किया जागरूक! डीएम ने छह टीबी मरीजों को दी पोषण पोटली
November 18, 2026
अमेठी। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने एवं उनके स्वास्थ्य में सुधार लाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शशांक चैधरी ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में छह टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने टीबी मरीजों को नियमित रूप से पौष्टिक आहार लेने तथा चिकित्सकों द्वारा बताए गए उपचार का पूरा कोर्स निर्धारित समय तक जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि टीबी एक उपचार योग्य बीमारी है। समय पर जांच, नियमित दवा एवं संतुलित पोषण के माध्यम से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि टीबी मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं एवं पोषण सहायता का लाभ समय से सुनिश्चित कराया जाए तथा मरीजों की नियमित निगरानी भी की जाए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डॉ. दीपक सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
