मिर्जापुर: जनहित संकल्प पार्टी ने जनचेतना रैली निकाल भरी हुंकार
November 03, 2026
राजगढ़/मिर्जापुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के किसान इंटर कॉलेज मैदान में मंगलवार को जनहित संकल्प पार्टी की ओर से जनचेतना रैली का आयोजन किया गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.आरएस पटेल के नेतृत्व में निकाली गई रैली के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने जनता को वर्तमान सरकार की कार्यशैली के प्रति जागरूक किया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.आरएस पटेल ने कहा कि देश में एक वोट चोर दिल्ली में बैठा है तो दूसरा चंदा चोर उत्तर प्रदेश में बैठा है। उन्होंने वोट चोरी, चंदा चोरी और नौकरी चोरी का आरोप लगाते हुए जनता से इनके खिलाफ जागरूक होने की अपील की। उन्होंने कहा कि दलितों और पिछड़ों के अधिकारों तथा नौकरियों के साथ अन्याय हो रहा है। जनहित संकल्प पार्टी इन वर्गों के हितों के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने बताया कि मड़िहान विधानसभा क्षेत्र से टिंकू बाबा को पार्टी का विधानसभा प्रभारी घोषित किया गया है। उनके नेतृत्व में हजारों की संख्या में महिलाएं,पुरुष और कार्यकर्ता रैली में शामिल हुए। डॉ.पटेल ने कहा कि पार्टी आगामी चुनाव में सैकड़ों सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। जो भी व्यक्ति पार्टी की विचारधारा से सहमत है,वह पार्टी से जुड़ सकता है।
