सर्किट हाउस में किसान समस्याओं को लेकर कैबिनेट मंत्री ने की बैठक, अधिकारियों को लगाई फटकारय गौशाला निर्माण, भूमि अधिग्रहण, आलू अनुदान और डीएपी खाद का मुद्दा गरमाया
आगरा। किसानों की समस्याओं और सरकारी योजनाओं का लाभ न मिलने को लेकर मंगलवार को सर्किट हाउस में कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में किसान नेताओं ने भूमि अधिग्रहण से लेकर गौशाला निर्माण, आलू भंडारण अनुदान, डीएपी खाद की किल्लत और नहरों की सफाई तक के मुद्दे उठाए। किसानों की शिकायतों पर मंत्री ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर किसानों की शिकायतें मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाएंगी।
किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने इनर रिंग रोड लैंड पार्सल के तीसरे चरण में रोहता से जखोड़ा तक की जमीन के अधिग्रहण का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2008-09 में किसानों की जमीन अधिग्रहीत की गई थी, लेकिन 17 साल बीतने के बाद भी मुआवजा नहीं मिला है। जमीन पर आज भी किसानों का भौतिक कब्जा है। उन्होंने मांग की कि यदि सरकार को केवल 30 मीटर सड़क बनानी है तो शेष 70 मीटर जमीन किसानों को वापस की जाए। मंत्री ने अधिकारियों को नियमानुसार बोर्ड की बैठक कराकर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
किसान नेता मुकेश पाठक ने अछनेरा और कुरा चित्ररपुर समेत कई स्थानों पर गौशालाओं के अधूरे निर्माण के बावजूद उन्हें विभाग द्वारा हैंडओवर किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि गौशालाओं के निर्माण के लिए सरकार की ओर से 3.20 करोड़ रुपये दिए गए थे। निर्माण में अनियमितता और कमीशनखोरी की जांच की मांग पर मंत्री ने जिलाधिकारी को दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
ताज सिटी आलू उत्पादक किसान नेता लक्ष्मी नारायण बघेल ने कहा कि कोल्ड स्टोरेज के किराये में राहत देने के लिए सरकार ने आगरा के किसानों के लिए 10 करोड़ रुपये का अनुदान दिया है, लेकिन उद्यान विभाग की लापरवाही से किसानों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। उद्यान अधिकारी की अनुपस्थिति में मंत्री ने संबंधित कर्मचारी रामू को बुलाकर नाराजगी जताई। उन्होंने किसानों को 100 रुपये प्रति कुंतल का लाभ दिलाने के निर्देश दिए और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
ककुआ समिति के अध्यक्ष विष्णु चैधरी ने खेड़ा पंचगाई उपकेंद्र पर इस वर्ष अब तक डीएपी खाद नहीं पहुंचने की शिकायत की। इस पर मंत्री ने डीआर आदित्य कुमार और एआर सतीश कुमार को फटकार लगाते हुए तत्काल खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित 1350 रुपये प्रति बोरी से अधिक कीमत पर डीएपी बेचने वाले सचिवों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
किसान नेता लाखन सिंह त्यागी ने निजी खाद दुकानों पर डीएपी निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचे जाने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी को दोषी दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को डीएपी खाद 1350 रुपये प्रति बोरी की निर्धारित दर पर ही मिलनी चाहिए।
किसान नेता सोमवीर यादव ने नहरों की सफाई में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि नहरों में पानी भरा होने के बावजूद केवल घास की कटाई की जा रही है। इससे सफाई और सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने टीटीएसपी से छोड़े जा रहे दूषित पानी पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि गंदे पानी से किसानों की फसलें खराब हो रही हैं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी, एडीए उपाध्यक्ष विजय कुमार, सचिव संजय कुमार, एडीएम प्रशासन बैजनाथ सिंह, एसडीएम सदर, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार, डीडी मुकेश कुमार, डीआर आदित्य कुमार दुबे, एआर सतीश कुमार और नहर विभाग के अधिशासी अभियंता नीरज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान किसान नेता श्याम सिंह चाहर, सोमवीर यादव, नरेंद्र सिंह, महावीर चाहर, चेतन स्वरूप रावत, लक्ष्मी नारायण बघेल, मुकेश पाठक, लाखन सिंह त्यागी, विजय शर्मा, रामप्रकाश सिंह, कुलदीप रावत, विजेंद्र सिंह, विनोद कुमार, विश्वंभर सिंह, विष्णु चैधरी, नरेंद्र सैनी सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
