भांवरकोल/गाजीपुर। आगामी छठ महापर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहार के दौरान सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से चलता रहे, इसको लेकर कोरंटाडीह डाक बंगले में अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसडीपीओ बक्सर गौरव पांडेय, एसडीएम बक्सर अविनाश, सीओ बलिया अक्षय कुमार, भांवरकोल थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय, नरही थानाध्यक्ष अनुपम, डीडीओ बक्सर मृत्युंजय, बक्सर के खनन अधिकारी प्रशांत कुमार तथा बलिया के खनन अधिकारी सौरभ कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि छठ पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रमुख सीमावर्ती मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। नरही बॉर्डर, बक्सर गोलंबर बॉर्डर तथा भांवरकोल-मुहम्मदाबाद बॉर्डर पर चेकिंग प्वाइंट स्थापित कर वाहनों की जांच की जाएगी। इसका उद्देश्य अनावश्यक जाम को रोकना और यातायात को निर्बाध बनाए रखना है।
इसके साथ ही शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाकर तस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में ट्रकों की नंबर प्लेट को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। जिन वाहनों पर गलत नंबर लिखा होगा अथवा नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाकर, कालिख पोतकर या कपड़ा ढककर नंबर छिपाया गया होगा, ऐसे वाहनों की विशेष जांच की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ त्योहार के दौरान सतर्कता बरतने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि छठ व्रतियों और आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
