बल्दीराय/सुलतानपुर। ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में नन्हे खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान आकर्षित किया। कम्पोजिट विद्यालय भवानी शिवपुर के दाता करीम शाह धूनी मेला मैदान में आयोजित प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। दौड़ प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पूरे दमखम के साथ अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख शिव कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य बद्रीनाथ यादव रहे। अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी वेद प्रकाश यादव ने की। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्राथमिक बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में कम्पोजिट विद्यालय भवानी शिवपुर के आदर्श यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया। 100 और 200 मीटर दौड़ में इसौली के अनुज कुमार ने बाजी मारी। 400 मीटर दौड़ में विपिन प्रथम और भवानी शिवपुर के आदर्श कुमार यादव द्वितीय स्थान पर रहे।
प्राथमिक बालिका वर्ग में 50 और 100 मीटर दौड़ में पाण्डेयपुर की दिव्यांशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में भवानी शिवपुर की प्राची तथा 400 मीटर दौड़ में ऋचा यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया।
उच्च प्राथमिक बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में भवानी शिवपुर की खुशबू प्रथम रहीं। 200 मीटर में वलीपुर की महक ने पहला और भवानी शिवपुर की सोनल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं 400 मीटर दौड़ में इसौली की रिंकी और 600 मीटर दौड़ में पारागनापुर की रचना ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता के समापन पर अतिथियों ने बच्चों के उत्साह और खेल भावना की सराहना की। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में जुटे शिक्षकों और आयोजकों के प्रयासों की प्रशंसा की।
