केयरिंग सोल्स फाउंडेशन ने उन्नाव में बच्चों को बताए कैंसर के शुरुआती लक्षण, बचाव के उपाय और स्वस्थ खानपान का महत्व
उन्नाव। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से मुकाबले के लिए समय पर पहचान, सही जानकारी और सामाजिक सहयोग बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से देशभर में कैंसर जागरूकता और पीड़ितों की सहायता के लिए कार्यरत केयरिंग सोल्स फाउंडेशन ने उन्नाव के सर सैयद पब्लिक स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें विद्यार्थियों को कैंसर के कारणों, शुरुआती लक्षणों, समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में बताया गया कि तंबाकू से दूरी, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और पौष्टिक खानपान कैंसर के जोखिम को कम करने में सहायक हो सकते हैं। शरीर में असामान्य गांठ, लगातार घाव न भरना, बिना कारण वजन घटना और असामान्य रक्तस्राव जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह और समय पर जांच से कई प्रकार के कैंसर का शुरुआती अवस्था में पता लगाया जा सकता है।विद्यालय की प्रधानाचार्या सादिया कमाल ने कहा कि कैंसर से लड़ाई केवल मरीज और उसके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। पीड़ितों को आर्थिक सहायता के साथ भावनात्मक संबल और सम्मानजनक व्यवहार की भी आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जागरूकता का संदेश घर-घर पहुंचाने और समाज के सभी वर्गों से पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।प्रधानाचार्या सादिया कमाल ने कैंसर पीड़ितों की सहायता के लिए फाउंडेशन के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर मनीष मिश्रा को 55 हजार रुपये का चेक सौंपा। मनीष मिश्रा ने इस सराहनीय पहल के लिए प्रधानाचार्या को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जागरूकता अभियान से जुड़े विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय की इस पहल ने शिक्षा के साथ सामाजिक संवेदनशीलता और मानव सेवा का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
