Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बीसलपुरः केले से भरे ट्रक ने मजदूर को कुचला, जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत! आधी रात को गन्ना कोल्हू पर हुआ दर्दनाक हादसा, चालक फरार


  • आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक में की तोड़फोड़, पत्नी और दो मासूम बच्चों का उजड़ गया सहारा


बीसलपुर। बीसलपुर क्षेत्र के सादिया गांव में गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय मजदूर की जान चली गई। नहर के पास स्थित गन्ना कोल्हू पर काम कर रहे मजदूर को केले से भरे ट्रक ने अपनी चपेट में लेकर कुचल दिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। मजदूर की मौत की सूचना पर गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर दी।

जानकारी के अनुसार सादिया गांव निवासी मनोज कुमार (26) पुत्र रामशरन गांव के पास नहर किनारे स्थित गन्ना कोल्हू पर मजदूरी करता था। गुरुवार रात भी वह अन्य मजदूरों के साथ काम में लगा हुआ था। इसी दौरान करीब दो बजे पास में बने केले के गोदाम पर केले से भरा ट्रक पहुंचा। बताया जाता है कि गोदाम की ओर ट्रक ले जाते समय चालक ने वाहन आगे बढ़ाया, जिसकी चपेट में आकर मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूर आनन-फानन में घायल मनोज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर लेकर पहुंचे। उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पीलीभीत रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मनोज ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला। मनोज की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

मनोज की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी के अलावा तीन से चार वर्ष की उम्र के एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है। जिस उम्र में बच्चों को पिता के स्नेह और सहारे की सबसे अधिक जरूरत होती है, उसी उम्र में उनके सिर से पिता का साया उठ गया। जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक संजीव शुक्ला ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ट्रक को थाने में खड़ा कराया जाएगा और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |