अमेठी: जल स्वराज से ही ग्राम स्वराज संभव- अरुण तिवारी
November 18, 2026
अमेठी ।अमेठी जल बिरादरी द्वारा आयोजित पंच दिवसीय जल साक्षरता अभियान के दूसरे दिन प्रमोद आलोक इंटरमीडिएट कालेज मंगलपुर अमेठी के विवेकानंद सभागार में संवाद गोष्ठी का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती जी के चित्र पर पूजा अर्चना एवं माल्यार्पण से हुआ।अतिथियों का स्वागत करते हुए अध्यक्ष अमेठी जल बिरादरी डॉ अर्जुन पाण्डेय ने कहा कि पांच दशक पूर्व सतत् प्रवाहित होने वाली जनपद की उज्जयिनी एवं मालती नदियां आज बरसाती नदियां बनकर रह गई है,जो चिंता का विषय है।इन नदियों की अविरलता एवं पुनर्जीवन हेतु जन-जन की भागीदारी निहायत जरूरी है।संवाद गोष्ठी की अध्यक्षता करते उत्तराखंड के प्रख्यात पर्यावरणविद् सुरेश भाई ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के दौर में जल की गुणवत्ता सुनिश्चित किया जाना आवश्यक हो गया है जो चिंता का विषय है क्योंकि हरिद्वार से ही गंगा जल पीने योग्य नही है जिसका प्रभाव मैदानी क्षेत्र में सर्वाधिक दिखाई दे रहा है।गंगा के क्षेत्र में 40 करोड़ लोगों के सामने स्वच्छ जल की चुनौती सामने खड़ी है।मुख्य अतिथि पानी अध्येता अरुण तिवारी ने कहा कि पानी पर अधिकार पर सुनिश्चितता तभी होगी जब गांव से शहर तक लोग जल स्वराज से ग्राम स्वराज की अवधारणा को जमीन पर उतरेंगे।यह कार्य राज समाज को मिलकर करनी होगी।मैं तुम्हारी गोमती हूं अभियान के प्रणेता सुशील सीतापुरी ने कहा कि मालती उज्जयिनी और गोमती के पुनर्जीवन के लिए मिलकर प्रयास करना होगा। संवाद गोष्ठी को अमर बहादुर सिंह एवं अनुभव मिश्र ने भी संबोधित किया।संवाद संगोष्ठी में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। संवाद गोष्ठी में आये हुए अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्या डॉ ममता त्रिपाठी ने जल संचयन के साथ वृक्षारोपण कार्य के प्रति युवाओं को जागरूक किया।संगोष्ठी का समापन राष्ट्रगान से हुआ।
