धान खरीद में लापरवाही पर क्रय केंद्र प्रभारी और समिति के विरुद्ध होगी आपराधिक कार्रवाई, दो माह बाद भी विद्युत पोल शिफ्टिंग नहीं होने पर जताई नाराजगी
सुल्तानपुर। जनपद के किसानों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की उपस्थिति में किसानों ने धान खरीद, खाद वितरण, विद्युत, राजस्व और चीनी मिल से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। जिलाधिकारी ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। वहीं, खाद वितरण में अनियमितता की शिकायतों की जांच के लिए तत्काल पांच सदस्यीय टीम गठित कर दी।
बैठक में किसानों ने विद्युत लाइन के पोल शिफ्टिंग का मामला उठाते हुए बताया कि दो माह पूर्व जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी के समक्ष 10 कार्य दिवस में कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कार्य अधूरा है। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। वहीं, धान क्रय केंद्रों पर विद्युत लोड की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग को प्राथमिकता के आधार पर अगले दिन तक समस्या दूर कराने के निर्देश दिए।
खाद वितरण को लेकर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में डीएपी, यूरिया और एनपीके सहित सभी प्रकार के उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। इसके बावजूद वितरण में आ रही समस्याओं और किसानों की शिकायतों को देखते हुए पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है। टीम संबंधित केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था की जांच करेगी। अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
धान खरीद को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। नमी के मानकों को लेकर मिली शिकायतों की जांच कराई जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए तीन अतिरिक्त धान क्रय केंद्र खोलने का प्रस्ताव भी संस्तुति सहित संबंधित स्तर पर भेजा गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि धान खरीद में लापरवाही, अनियमितता अथवा किसानों को अनावश्यक परेशान करने की शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित क्रय केंद्र प्रभारी या समिति के विरुद्ध तत्काल आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व विभाग से संबंधित धारा-24 के लंबित मामलों पर भी जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन प्रकरणों की प्रत्येक माह नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग की जाए, ताकि किसानों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। वहीं, चीनी मिल में गन्ने की तौल सहित अन्य समस्याओं का मुद्दा उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने चीनी मिल अधिकारियों और जिला गन्ना अधिकारी की संयुक्त टीम गठित कर निरीक्षण कराने तथा समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने जनपद के सभी किसानों से खेतों में पराली न जलाने की अपील की। साथ ही आगामी जनगणना के महत्व को बताते हुए किसानों से स्वयं अपनी स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अवश्य करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश एवं समाज के विकास की योजनाओं, नीतियों और संसाधनों के उचित नियोजन का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। किसान दिवस में संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
