अमेठीः एसपी ने शुक्रवार परेड की ली सलामी, पुलिस लाइन का किया निरीक्षण
November 13, 2026
अमेठी। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन अमेठी में साप्ताहिक परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल की शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति तत्परता को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। 13 नवंबर 2026 को आयोजित शुक्रवार परेड में पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय तथा जनपद के विभिन्न थानों और शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। एसपी ने परेड की सलामी लेने के बाद पुलिसकर्मियों से दौड़ लगवाई। इसके साथ ही अनुशासन, एकरूपता, आपसी समन्वय और कार्यक्षमता बेहतर बनाने के लिए विभिन्न प्रकार की ड्रिल का अभ्यास कराया गया। परेड के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जवानों के टर्नआउट का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने वर्दी की साफ-सफाई, नेम प्लेट, रैंक बैज, शोल्डर बैज, बेल्ट और अन्य निर्धारित उपकरणों को मानक के अनुरूप धारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को अपनी शारीरिक फिटनेस और अनुशासित वेशभूषा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। इसके बाद एसपी ने पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान बैरक, शस्त्रागार, मेस, कैश कार्यालय, परिवहन शाखा और पीआरवी-112 सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा सरकारी अभिलेखों और रजिस्टरों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। आगामी त्योहारों के मद्देनजर एसपी ने डॉग स्क्वाड टीम को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यकतानुसार सघन चेकिंग करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।
