भारतीय सेना ने लिया कुलगाम हमले का बदला! लतीफ भट्ट समेत लश्कर के दो आतंकी ढेर
November 16, 2026
जम्मू कश्मीर के कुलगाम में भारतीय सेना ने बड़ा एक्शन किया है. सुरक्षाबलों ने कुलगाम में हुए एनकाउंटर में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों को मार गिराया है. इसमें लश्कर का टॉप कमांडर लतीफ भट्ट भी शामिल है. लतीफ भारत के खिलाफ कई आतंकी घटनाओं को अंजाम दे चुका है. सेना ने कुलगाम में हाल ही में हुए हमले का बदला ले लिया है. इस एनकाउंटर में भारतीय सेना और सीआरपीएफ के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस भी शामिल रही.
दरअसल कुलगाम में हाल ही में आतंकी हमला हुआ था, जिसमें CRPF के तीन जवान घायल हो गए थे. इस हमले के बाद सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने के लिए CRPF के महानिदेशक (DG) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह कश्मीर पहुंचे थे. यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब लश्कर के आतंकवादी मोहम्मद लतीफ भट की तलाश की जा रही थी. इस हमले का मास्टरमाइंड लतीफ ही था, जिसे एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया.
सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक (एसडीजी) संदीप खिरवार ने सोमवार को बताया कि कुलगाम जिले में 11 नवंबर को हुए हमले के बाद पूरे जम्मू-कश्मीर में अलर्ट बढ़ा दिया है. स्पेशल डीजी ने बताया कि सीआरपीएफ ने पूरे केंद्र शासित प्रदेश में अलर्ट बढ़ा दिया है, क्योंकि इस हमले में उसके तीन जवान घायल हो गए हैं. अहम बात यह भी है कि सुरक्षाबलों को हमलावरों का सुराग पहले ही मिल गया था.
गौरतलब है कि कुलगाम हमले के 24 घंटे के भीतर ही आतंकवादियों ने किश्तवाड़ जिले में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स, बाबी चंद और यशपाल कुमार, की हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि ये दोनों एक आतंकवाद-विरोधी ऑपरेशन के दौरान सेना के साथ जुड़ने के लिए जा रहे थे.
