अमेठी। दीपावली पर्व के दृष्टिगत जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, अमेठी द्वारा जनपदवासियों की सुरक्षा एवं जनहित में पटाखे जलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। जिलाधिकारी शशांक चैधरी ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों की खुशियां मनाते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें। जारी एडवाइजरी में बताया गया है कि पटाखे हमेशा खुले एवं सुरक्षित स्थान पर ही जलाएं। पटाखे जलाते समय बच्चों को कभी अकेला न छोड़ें तथा उन्हें बड़ों की निगरानी में ही पटाखे जलाने दें। पटाखे जलाते समय सूती कपड़े पहनें और ढीले एवं सिंथेटिक कपड़ों से परहेज करें। पटाखों को जलाने के लिए मोमबत्ती अथवा लंबी फुलझड़ी का प्रयोग करें तथा हाथ में पकड़कर पटाखे न जलाएं। इसके साथ ही पटाखों को घरों, दुकानों, पेट्रोल पंप, गैस सिलेंडर एवं अन्य ज्वलनशील पदार्थों से दूर रखें। पटाखे जलाते समय पर्याप्त दूरी बनाए रखें तथा आसपास मौजूद अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। फटे अथवा खराब पटाखों को दोबारा जलाने का प्रयास न करें, बल्कि उन पर पानी डालकर सुरक्षित तरीके से निष्पादित करें। पटाखे जलाने वाले स्थान के पास पानी, रेत एवं प्राथमिक उपचार किट की व्यवस्था अवश्य रखें। एडवाइजरी में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अस्पतालों, विद्यालयों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास पटाखे न जलाएं। निर्धारित समय-सीमा एवं ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों का पालन करें। अत्यधिक धुआं एवं तेज आवाज वाले पटाखों से बचें तथा पर्यावरण, बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। जिला प्रशासन ने अपील की है कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना अथवा आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें तथा घायल व्यक्ति को शीघ्र नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की है कि त्योहारों को खुशियों, सौहार्द एवं सुरक्षित वातावरण के साथ मनाएं। आपकी थोड़ी सी सावधानी किसी बड़ी दुर्घटना को रोक सकती है। सुरक्षित रहें, सतर्क रहें और स्वयं के साथ दूसरों को भी सुरक्षित रखें।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अमेठी ने जनहित में जारी की सुरक्षा एडवाइजरी, नागरिकों से सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने की अपील
