Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बीसलपुरः छह मांगों पर बनी सहमति, चीनी मिल प्रबंधन के आश्वासन पर मजदूरों का धरना समाप्त


वेतनवृद्धि का प्रस्ताव डीएम को भेजा जाएगा, 15 दिन के भीतर महंगाई भत्ते के बकाये की पहली किस्त के भुगतान की कार्रवाई का भरोसा


बीसलपुर। किसान सहकारी चीनी मिल में बुधवार को कोऑपरेटिव चीनी मिल मजदूर यूनियन ने वेतनवृद्धि, महंगाई भत्ते के बकाये और कर्मचारियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने समेत छह मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। धरने के बाद मिल प्रबंधन ने यूनियन पदाधिकारियों और कर्मचारियों के साथ वार्ता की। इसमें सभी छह मांगों पर कार्रवाई को लेकर सहमति बनी।

यूनियन ने दस वर्ष या उससे अधिक समय से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन का लाभ देने की मांग उठाई। इस पर मिल प्रबंधन ने वेतनवृद्धि का प्रस्ताव जिलाधिकारी के अनुमोदन के लिए भेजने का आश्वासन दिया। वहीं, सूचीबद्ध कर्मचारियों के महंगाई भत्ते के बकाये की पहली किस्त का भुगतान जल्द कराने की मांग पर प्रबंधन ने बताया कि कर्मचारीवार विवरण तैयार कराया जा रहा है। भुगतान का प्रस्ताव आगामी प्रबंध समिति की बैठक में रखा जाएगा और 15 दिन के भीतर भुगतान की कार्रवाई प्रस्तावित है।

इसके अलावा संविदा कर्मचारियों को उत्तर प्रदेश आउटसोर्सिंग सेवा निगम (यूपीकोस) के निर्धारित वेतनमान के अनुसार भुगतान करने तथा संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की वेतन सूची नोटिस बोर्ड पर लगाने की मांग भी रखी गई। प्रबंधन ने बताया कि इच्छुक संविदा कर्मचारी स्वेच्छा से आउटसोर्सिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्हें पद, योग्यता और अनुभव के आधार पर संबंधित फर्म द्वारा निर्धारित वेतन दिया जाएगा। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की वेतन सूची नोटिस बोर्ड पर लगाए जाने की जानकारी भी दी गई।

यूनियन ने मिल में प्राथमिक उपचार केंद्र संचालित कराने, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और मिल कॉलोनी की नियमित सफाई कराने की मांग उठाई। प्रबंधन ने बताया कि प्राथमिक उपचार केंद्र पर कंपाउंडर की तैनाती कर दी गई है। पेयजल और शौचालय की सुविधा उपलब्ध है तथा कॉलोनी की सफाई भी कराई जा रही है। सभी कर्मचारियों के साथ समान व्यवहार किए जाने की मांग पर प्रबंधन ने कहा कि पक्षपात संबंधी कोई शिकायत होने पर कर्मचारी सीधे प्रबंधन के समक्ष अपनी बात रख सकते हैं। वार्ता में यूनियन अध्यक्ष श्याम बहादुर शर्मा, महामंत्री राजेंद्र कुमार, मिल प्रबंधन के अधिकारी और मिल के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |