Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बांगड़ अस्पताल में चूहों का कहर! एक महीने में 6 से ज्यादा मरीजों और अटेंडरों को काटा


पाली के बांगड़ जिला अस्पताल में मरीजों को इलाज के साथ सुरक्षित वातावरण मिलने के दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अस्पताल के डी-फेब्रिकेटेड सर्जिकल वार्ड में चूहों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि रात के समय मरीजों और उनके परिजनों को अपनी जान-माल की सुरक्षा के बजाय चूहों से बचने की चिंता सताने लगी है। पिछले एक महीने में छह से अधिक मरीजों और अटेंडरों को चूहों के काटने की घटनाएं सामने आई हैं। हैरानी की बात यह है कि वार्ड में चूहे मारने की दवा की सप्लाई पिछले 20 दिनों से बंद बताई जा रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर अस्पताल प्रबंधन मरीजों की सुरक्षा को लेकर कितना गंभीर है?

चूहों के आतंक का ताजा मामला जोजावर निवासी 45 वर्षीय मोती सिंह से जुड़ा है, जो सेल्युलाइटिस की बीमारी के चलते 7 अक्टूबर से अस्पताल में भर्ती हैं। मरीज के अनुसार रात के समय वार्ड में बड़े-बड़े चूहे खुलेआम घूमते रहते हैं। शुक्रवार रात एक चूहे ने उनके दाहिने पैर के अंगूठे को बुरी तरह काट लिया। इससे पैर में घाव हो गया और बेड पर खून फैल गया। नर्सिंग स्टाफ ने घाव पर दवा लगाकर पट्टी की।

मरीज का आरोप है कि अगले दिन रात को चूहे ने उनके दूसरे पैर को भी काट लिया। चूहों से बचने के लिए वे कंबल ओढ़कर सोते हैं, लेकिन चूहों ने कंबल तक में छेद कर दिए। लगातार हो रही घटनाओं से मरीज में भय का माहौल है। जिस अस्पताल में वे बीमारी का इलाज कराने आए हैं, वहीं अब उन्हें रातभर चूहों से खुद को बचाने की चिंता सता रही है।

चूहों का आतंक केवल भर्ती मरीजों तक सीमित नहीं है। वार्ड में मरीजों के साथ मौजूद परिजन भी इससे परेशान हैं। एक मरीज के साथ आई महिला अटेंडर के पैर की अंगुलियों को भी चूहे ने काट लिया। इतना ही नहीं, नाइट ड्यूटी के दौरान दो नर्सिंगकर्मियों को भी चूहे पैर पर काट चुके हैं। एक नर्सिंगकर्मी का पर्स तक चूहों ने कुतर दिया। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बावजूद वार्ड में चूहों की रोकथाम के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के आरोप लग रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, चूहों की समस्या को लेकर वार्ड प्रभारी ने अस्पताल प्रबंधन को पत्र लिखकर चूहे मारने की दवा उपलब्ध करवाने की मांग भी की थी। इसके बावजूद पिछले 20 दिनों से दवा की सप्लाई नहीं होने की बात सामने आई है। चूहों के काटने से प्रभावित लोगों को एंटी रेबीज इंजेक्शन भी लगाए गए हैं। ऐसे में सवाल है कि जब वार्ड में चूहों की समस्या की जानकारी अस्पताल प्रबंधन को पहले से थी और दवा की मांग को लेकर पत्र भी लिखा गया था तो समय रहते प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए? इससे पहले हरिद्वार के जिला अस्पताल में एक युवक के शव की आंखें और सिर का कुछ हिस्सा चूहों के कुतरने की खबर सामने आई थी।

अस्पताल में मरीजों और अटेंडरों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए होमगार्ड तैनात किए गए हैं। अटेंडर का एडमिट कार्ड देखकर ही वार्ड में प्रवेश दिया जा रहा है। लेकिन दूसरी तरफ सर्जिकल वार्ड में आवारा कुत्ते बिना किसी रोकटोक के घूमते नजर आते हैं। ऐसे में अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं, जब मरीजों के परिजनों के एंट्री पर इतनी सख्ती है तो वार्ड में चूहों और आवारा कुत्तों की आवाजाही रोकने के लिए जिम्मेदार व्यवस्था क्यों नजर नहीं आती?

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |